छत्तीसगढ़ से हीरे चुराकर इंदौर में बेचने की फिराक में घूम रहे दो लोगों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा। आरोपियों के पास से 55 नग हीरे जब्त किए। मोबाइल भी जब्त किए। जिनकी कीमत साढ़े तीन लाख रुपये है।
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो लोग परदेशीपुरा शिव मंदिर के पास खड़े हैं। उनके पास हीरे हैं जिनको सस्ते दाम में बेचना चाहते हैं। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची और दोनों को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की। आरोपियों के नाम तेजा उर्फ अशोक पिता अंतर सिंह निवासी ग्राम गुणावाद, जिला धार व विक्की उर्फ विक्रम पिता सत्यनारायण सिंधिया निवासी चंदन नगर इंदौर है। आरोपियों के पास से 55 नग हीरा (खनिज पत्थर) मिले। इसका लायसेंस नहीं था। पूछने पर बताया कि उक्त हीरे गरियाबंद, छत्तीसगढ़ से चोरी किए थे। इनको सस्ते दामों में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस ने हीरे और मोबाइल जब्त किए। इनकी कीमत करीब 3,51,200 रुपये है। आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पूर्व में हीरे किन किन लोगों को बेचे हैं इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।