शहर में सूदखोरों के खिलाफ पुलिस कार्ऱवाई कर रही है। आजाद नगर पुलिस ने एक सूदखोर के विरुद्ध कार्रवाई कर पीड़ित को सूदखोर के चंगुल से मुक्त करवाया है। आरोपी सूदखोर महिला ने ब्याज पर रुपये दिए थे और पूरी रकम वापस मिल जाने के बाद भी और रुपयों की मांग कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक आजाद नगर थाने पर इदरीस नगर निवासी मालती लोधी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। मालती मूल रूप से सागर की रहने वाली है। मालती ने नवंबर 2020 में मकान बनाने के लिए नीलम यादव उर्फ मुन्नी बाई निवासी आलोक नगर से एक लाख रुपये 7 प्रतिशत ब्याज पर उधार लिए थे। इसके लिए में वह एक लाख चालीस हजार रुपये लौटा चुकी थी। इसके बाद भी नीलम और रुपये की मांग कर रही थी। ब्याज के बदले वह 18 हजार रुपये मांग रही थी।
पैसे नहीं देने पर उनकी बाइक वह ले गई। आएदिन घर आकर वह परेशान करती थी। मालती घर में किराना दुकान चलाती है। वह पति और तीन बच्चों के साथ रहती है। नीलम अब 1 लाख 30 हजार रुपये की और मांग करने लगी। मालती के मकान पर उसने नोटिस भी लगा दिया कि ये मकान उसने खरीद लिया है। उसकी धमकियों से परेशान होकर मालती अपने परिवार के साथ सागर चली गई। लौटने में वह डर रही थी।
परिवार के लोगों के हिम्मत देने पर परिवार आजाद नगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। आजाद नगर पुलिस ने नीलम के खिलाफ सूदखोरी का केस दर्ज किया था। मालती को चेक बाउंस करवाकर जेल भेजने की वह धमकी देती। मंगलवार को पुलिस ने नीलम से चेक और बाइक वापस करवाई। मामले में पुलिस ने नीलम को नोटिस दिया। मालती के परिवार को वापस पुलिस ने उनके घर पहुंचाया। उसने पुलिस को तत्परतापूर्वक करवाई के लिए धन्यवाद भी दिया।