शहर में नगर निगम चुनाव से पहले अब बच्चा पॉलिटिक्स शुरू हो गई है। भाजपा जहां अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाई है वहीं कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला ने जनसंपर्क शुरू कर दिया है। इसी बीच भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बयान दिया है कि कांग्रेस महापौर प्रत्याशी तो बच्चा है। जवाबी हमले ने कांग्रेस ने संजय शुक्ला का फोटो लगाकर गाना बनाया कि छोटा बच्चा जानके न कोई आंख दिखाना रे...।
दरअसल कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि कांग्रेस के पास कोई उम्मीदवार ही नहीं था। कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला सीरियस उम्मीदवार नहीं हैं। ये सब जानते हैं। इसलिए खड़े हो गए। इंदौर को ऐसा मेयर चाहिए जो इंदौर के समग्र विकास के बारे में सोच सके। केंद्र और राज्य सरकार से पैसा ला सके और शहर का विकास कर सके। संजय जी थोड़े बच्चे हैं। इस बयान के बाद विधायक संजय शुक्ला ने कहा था कि इंदौर के लिए मैं बच्चा हूं, ये शहर ही मेरा समाज है। मुझे बच्चा समझकर ही महापौर बनने के लिए ये शहर आशीर्वाद देगा। कानपुर की घटना के मामले में विजयवर्गीय ने कहा कि मेरी वहां के अधिकारियों से बात हुई है। जिस प्रकार पीएफआई (PFI) देश में अशांति फैलाना चाहती है कहीं न कहीं उनके सूत्र इससे जुड़े हैं। एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर कहा कि वे मुस्लिमों की राजनीति करते हैं। उनके जितने भी बयान आते हैं वे विशेष वर्ग को संरक्षण देने के लिए ही आते हैं। हम तो सबका विकास, सबका साथ, सबके विश्वास की बात करते हैं। हमारे लिए देश की 130 करोड़ जनता एक है। नुपूर शर्मा के बयान को आपत्तिजनक बताया।
कांग्रेस ने जारी किया पोस्टर
- फोटो : सोशल मीडिया
विजयवर्गीय के बच्चे वाले बयान पर विधायक शुक्ला ने कहा कि व्यक्ति कितना भी बड़ा हो जाए माता-पिता और परिवार के सामने बच्चा ही रहता है। मैं भी बच्चा हूं, इंदौर मेरा परिवार है, और यही इंदौर मुझे आशीर्वाद देगा। मैंने चार साल में वो काम किया है जो किसी विधायक ने नहीं किया। कांग्रेस के अन्य नेताओं ने कहा कि भाजपा अभी तक महापौर का उम्मीदवार ही घोषित नहीं कर पाई है। ताई-भाई-सांई और सिंधिया इन खेमों में भाजपा बंटी है। संजय शुक्ला के सामने कौन उम्मीदवार खड़ा हो, भाजपा अब तक वही तय नहीं कर पाई है। शुक्ला की लोकप्रियता को देखते हुए भाजपा खेमे में घबराहट का माहौल है। इसलिए बोल रहे हैं कि संजय शुक्ला बच्चे हैं। जनता बताएगी की बच्चा कौन है और बड़ा कौन है। आने वाला चुनाव संजय शुक्ला के पक्ष में होगा।
इस मामले में कांग्रेस ने विजयवर्गीय के बयान को लेकर गाने की रील तैयार की है। विधायक शुक्ला के फोटो के साथ एक वीडियो बनाया और बॉलीवुड के एक गाना भी जोड़कर रील बना दी। इस रील को उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया और लिखा है कि कैलाश जी ये गाना जरूर सुनना आपको मालूम पड़ जाएगा बच्चा क्या होता है...। इस गाने के बोल हैं छोटा बच्चा जानके न कोई आंख दिखाना रे...। इसके साथ ही विधायक के फोटो पर लिखा मत भूलिएगा पीली जीप के आतंक से मुक्ति केवल एक ही व्यक्ति दिला सकते है, देश के सबसे बड़ी पार्टी कहलाने वाली भाजपा के पास महापौर उम्मीदवार ही नहीं है। जीत का पहला और आखिरी नाम है संजय शुक्ला। आज इंदौर शहर को संजय शुक्ला जैसे बच्चे की जरूरत है। जो मां अहिल्या का बेटा बनकर, इंदौर की माता-बहनों का बेटा बनकर इंदौर के विकास में सहभागिता निभा सकेंगे। इंदौर की जनता ही कैलाश जी को जवाब देगी।