Indore News: इंदौर के लसुड़िया क्षेत्र में ट्रेन की टक्कर से एक बुर्जुग की मौत हो गई। वे रात को खाना खाने के बाद रेल पटरी के आसपास तफरी कर रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। देर रात जब बुजुर्ग घर नहीं पहुंचे तो बेटा उन्हें खोजने के लिए निकला, कुछ देर बाद उनका शव रेलवे क्रॉसिंग के पास मिला।
लसुड़िया पुलिस ने बताया कि गणेश पिता दुलारचंद चौहान की ट्रेन की टक्कर से मौत हो गई। वे रात को साढ़े 9 बजे खाना खाने के बाद घर से घूमने के लिए निकले थे। परिजनों ने बताया कि वे रोज रात को टहलने के लिए जाते थे। गुरुवार को भी खाना खाने के बाद निकलने थे, लेकिन रात 12 बजे तक वापस नहीं आए तो उनकी चिंता होने लगी। इसके बाद राहुल पड़ोस में रहने वाले पप्पू के साथ उन्हें खोजने के लिए निकला। कुछ देर बाद गणेश उन्हें रेलवे पटरी के पास लहुलुहान हालत में दिखाई दिए। उनकी सांस भी नहीं चल रही थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस सुसाइड के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, परिजनों ने कहा कि उन्हें किसी तरह का तनाव नहीं था, न ही कोई बीमारी थी। जिसकी वजह से वे आत्महत्या जैसा कदम उठाए। परिजनों ने बताया कि गणेश हम्माली का काम करते थे। गुरुवार रात को खाना खाने के बाद बाहर बैठकर दोस्तों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक शादी में बिहार जाने का भी जिक्र किया था। इसके कुछ देर बाद वे टहलने चले गए, लेकिन वापस नहीं लौटे।
वेल्डिंग करते समय गिरने से युवक की मौत
इधर, राऊ क्षेत्र में एक निर्माणाधीन दफ्तर में वेल्डिंग करते समय गिरने से लखन पिता कन्हैया की मौत हो गई। लखन ऊंचाई पर एक प्लाई रखकर वेल्डिंग कर रहा था। अचानक प्लाई टूट गई और वह नीचे गिर पड़ा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। साथी उसे एमवाय अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।