स्टार्ट इन इंदौर कान्क्लेव में उपस्थित सीएम व अन्य।
- फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेन्शन सेंटर में स्टार्ट इन इंदौर कान्क्लेव का शुभारंभ किया। सीएम शिवराज ने कहा कि मैंने पहले तय किया था कि एक लाख स्वरोजगार के अवसर हम सृजित करेंगे, लेकिन अब इस लक्ष्य को बढ़ाकर 2 लाख कर दिया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार रात को ही इंदौर पहुंच गए थे। बुधवार सुबह उन्होंने नेहरू स्टेडियम में हुए गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और ध्वजारोहण किया। इसके बाद ब्रिलियंट कन्वेन्शन सेंटर पहुंचे जहां स्टार्ट इन इंदौर कान्क्लेव का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा कि बैंकों से हम युवाओं को ऋण दिलाकर उनके उद्यमी बनने का सपना साकार करेंगे। 25 फरवरी को प्रदेश में रोजगार मेला लगेगा। 12 जनवरी को आयोजित रोजगार मेले में 5 लाख 23 हजार लोगों को बैंकों से ऋण दिला कर उनके व्यवसाय शुरू करवाए गए हैं। हम प्रति माह रोजगार मेले का आयोजन करेंगे। स्टार्टअप के साथ इंदौर आईटी हब भी बने, क्योंकि जो महानगर आईटी के रूप में स्थापित हो चुके हैं, वहां सेचुरेशन की स्थिति आ चुकी है। अब हमें इंदौर के लिए अवसर तैयार करने होंगे। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ावा देने के लिए हमने अंकुर अभियान की शुरुआत की। इसमें अब तक 3 लाख लोगों ने 5 लाख से अधिक पौधरोपण किया है और पोर्टल पर फोटो अपलोड की है। अब हम इसे जन अभियान बनाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पौधरोपण हो सके। इधर गणतंत्र दिवस समारोह में भी शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि मैं चाहता हूं इंदौर स्टार्टअप के क्षेत्र में देश की राजधानी बने।