तेज रफ्तार कार ने साइकिल से जा रहे किसान को टक्कर दी। टक्कर मारने के बाद कार भी असंतुलित हो गई और तीन पलटी खाई। हादसे में साइकिल सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई और कार सवार युवक भी घायल हुए।
चंदन नगर थाना पुलिस ने बताया कि नावदा पंथ निवासी किसान निलेश पिता गिरधारीलाल चौधरी (35) रोज सुबह साइकिल चलाते थे। स्वस्थ रहने की इच्छा के चलते वे घर से साइकिल से निकलते और कुछ किमी के बाद लौट आते थे। रविवार सुबह भी रोज की तरह वे साइकिल से जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार से जा रही कार एमपी 09 डब्ल्यूजी 1416 ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से निलेश साइकिल सहित नीचे गिरे और उनको गंभीर चोट आई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर मारने के बाद कार चालक भी नियंत्रण नहीं रख पाया और कार दो-तीन पलटी खा गई। इससे कार भी क्षतिग्रस्त हुई और कार सवार लोग घायल हुए। कार के नंबरों के आधार पर पुलिस ने पता किया तो वह आस्था जाट निवासी वंदना नगर वसुंधरा कॉम्प्लेक्स के नाम से आरटीओ में रजिस्टर्ड निकली। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। कार में कौन कौन था उनकी तलाश की जा रही है।