मध्यप्रदेश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित इंदौर जिले ने महामारी के खिलाफ टीकाकरण के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में 60 साल से ज्यादा उम्र वाले सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लग गया है। करीब चार महीनों के अभियान के बाद जिले में टीकाकरण अभियान के लक्ष्य को पूरा किया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं इंदौर के लोगों को बधाई देना चाहता हूं , क्योंकि यहां 100% पात्र आबादी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है।
कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला रहा है इंदौर
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इंदौर शहर 10 लाख की आबादी में वैक्सीनेशन में पहले स्थान पर है। प्रदेश के हर शहर में वैक्सीनेशन 100% हो इसके लिए हमारी सरकार प्रयासरत है सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, करीब 35 लाख की आबादी वाले इंदौर जिले में अब तक कोविड-19 के करीब 1.53 लाख मरीज मिले हैं। इनमें से 1,391 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला इंदौर ही रहा है, लेकिन प्रशासन ने वैक्सीनेशन के मामले में रिकॉर्ड बना लिया है।