शहर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी को दोस्तों के हवाले कर दिया और गैंग रेप करवाया। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति व उसके दोनों दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक 19 साल की युवती ने रिपोर्ट लिखवाई है। युवती मूलतः विदिशा के शमशाबाद की रहने वाली है। उसने छोटेलाल मीणा (24) से लव मैरिज की थी। दोनों के बीच कई समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 9 अप्रैल को दोनों ने आर्य मंदिर इंदौर में लव मैरिज की। इसके बाद अगले ही दिन छोटेलाल ने अपने दोस्त आनंद मीणा और दीपक मीणा के साथ पार्टी कर शराब पी। यहां तक ठीक था लेकिन बाद में पति ने पत्नी से कहा कि मेरे दोस्तों ने मेरी शादी करवाई है, उनको भी खुश कर दो। बाद में दोनों दोस्तों ने पत्नी से दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया व जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी छोटेलाल और दीपक खेती करते हैं जबकि आनंद बीकॉम का छात्र है। यह बात भी सामने आई कि युवती के परिजनों ने विदिशा में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई है। जब इंदौर होने की जानकारी मिली तो घरवाले इंदौर पहुंचे। युवती ने आपबीती सुनाई।