मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा का वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। हैकर ने ट्विटर अकाउंट वापस देने के लिए उनसे पैसों की मांग की है। वहीं पैसे न मिलने पर हैकर ने अकाउंट को सेल करने की बात कही है। शोभा ओझा ने इसकी शिकायत साइबर सेल में की है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने डिप्टी कमिश्नर हेड क्वार्टर साइबर सेल इंदौर को शिकायत का आवेदन दिया है। आवेदन में शोभा ओझा ने लिखा है कि मैं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हूं और मेरा ट्विटर अकाउंट का यूजर नेम @shobha_oza है। शोभा ने लिखा है कि यह ट्विटर द्वारा ब्लूटिक प्रदत्त एक वेरीफाइड अकाउंट है, जिसके लगभग 60000 फॉलोअर हैं। यह अकाउंट हैक हो गया है। अकाउंट द्वारा किए गए किसी भी ट्वीट के लिए मैं जिम्मेदार नहीं रहूंगी। हैकर द्वारा ट्विटर अकाउंट वापस लौटाने के लिए 300 डॉलर की मांग भी लगातार की जा रही है।
शोभा ओझा ने हैकर द्वारा किए गए व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीन शॉट भी शिकायत के साथ संलग्न किए हैं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ने पुलिस से मामले पर शीघ्र कार्रवाई कर ट्वीटर अकाउंट वापस दिलाने की अपील की है।