जानकारी के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम इंदौर के पास बेटमा के मंत्री नगर इलाके का है। यहां 75 वर्षीय मीरा बाई अपने बेटे कैलाश कुशवाहा, बहू और पांच साल की पोती के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला ने गुस्से में आकर एसिड पी लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि बुजुर्ग महिला अपनी पांच साल की पोती की बात से नाराज हो गई थीं। दरअसल, बच्ची ने अपनी दादी से कह दिया था कि आप तो पेड़ पर लगे सभी अमरूद खा गईं। पोती की यह बात महिला को बहुत बुरी लगी। वह बोलीं कि सारे अमरूद मैंने अकेले नहीं खाए हैं। छोटी सी बच्ची भी अब मुझे ताना मार रही है। इसके बाद उन्होंने खौफनाक कदम उठा लिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बेटमा के चौकी इंचार्ज मनोहर बघेल ने बताया कि पूछताछ में महिला के बार-बार नाराज होने की बात सामने आई है। वह बात-बात पर रूठ जाती थीं और गुस्से में उन्होंने आत्महत्या कर ली।