भारतीय सेना कोर के ‘डेयर डेविल्स’ मोटरसाइकिल प्रदर्शन दल से जुड़े एक हवलदार ने शुक्रवार को विश्व रिकॉर्ड बनाया। कोर सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम के सदस्य हवलदार 33 वर्षीय संग्राम केसरी जेना ने चलती मोटरसाइकिल पर बिना हैंडल थामे सीढ़ी पर बाइक की उल्टी दिशा में खड़े होकर बाइक चलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
उन्होंने जबलपुर के कोबरा ग्राउंड 2 टीटीआर में 128 किमी की दूरी तय करते हुए चार घंटे, 29 मिनट और 45 सेकंड में यह रिकॉर्ड बनाया। जेना ने बताया कि उन्होंने हर दिन घंटों अभ्यास किया और वह कई मौकों पर घायल भी हो गए थे। उन्होंने बताया कि मेरा परिवार और डेयर डेविल्स की टीम ने मुझे स्टंट का प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय यादव और सुजॉय पॉल, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव सभरवाल और सेना के कई शीर्ष अधिकारियों ने इस प्रयास को देखा।