उमरिया की एक कोर्ट ने कक्षा-12 के गणित के पेपर लीक मामले में केंद्राध्यक्ष समेत चार शिक्षकों को जेल भेज दिया है। कोयलारी स्थित सेंट जेवियर में यह पेपर लीक का मामला सामने आया था। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया था।
21 मार्च को हायर सेकंडरी की गणित की परीक्षा थी। कोयलारी स्थित सेंट जेवियर भी एक परीक्षा केंद्र था। यहां गणित विषय के पेपर में केंद्राध्यक्ष समेत चार शिक्षकों ने परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले ही पेपर लीक कर दिया। इसकी जानकारी कलेक्टर केडी त्रिपाठी को लगी तो वे एसपी को लेकर केंद्र पर पहुंच गए थे। शिक्षकों को मोबाइल जब्त कर जांच की गई, तब पता चला कि चार शिक्षकों के मोबाइल में पेपर का फोटो है।
कलेक्टर के निर्देश पर हुआ था केस दर्ज
कलेक्टर के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने चारों के विरुद्ध धारा 409, 420, 120बी और परीक्षा अधिनियम की धारा 3ए, 43बी, 4 का मामला दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने चारों का स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत 22 मार्च को गिरफ्तार किया था। इनमें केंद्राध्यक्ष विनायक तिवारी, शिक्षक नमन कोल, अमित मिश्रा और जेवियर शामिल हैं। चारों को तीन अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।