सागर के बहरिया थाना क्षेत्र के रानीपुर जंगल में पुलिस ने लावारिस 407 वाहन से करीब 30 लाख रुपये की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद की। बंडा शराब कांड के बाद जारी सख्ती के बीच पुलिस वाहन मालिक और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
सागर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार चल रही प्रशासनिक कार्रवाई के बीच शराब माफियाओं में खौफ का माहौल नजर आने लगा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस ने बहरिया थाना क्षेत्र के रानीपुर जंगल में एक लावारिस 407 वाहन से करीब 30 लाख रुपये कीमत की ब्रांडेड अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है।
बंडा क्षेत्र में हुए पिछले शराब कांड के बाद जिला प्रशासन और पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कस रही है। इसी सख्ती के बीच तस्करों में मची भगदड़ के चलते शराब से भरा यह वाहन जंगल के रास्ते में ही लावारिस छोड़ दिया गया। वाहन में भारी मात्रा में शराब मिलने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग में भी हड़कंप मच गया।
होटल या बड़े कारोबारियों से कनेक्शन की आशंका
जंगल के बीच इतनी बड़ी मात्रा में ब्रांडेड शराब मिलने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शराब की यह खेप किसी बड़े शराब कारोबारी या होटल संचालक की हो सकती है। जिले में हाल ही में कई होटलों पर आबकारी और पुलिस विभाग की कार्रवाई हुई है। ऐसे में जांच इस एंगल से भी की जा रही है कि कहीं बरामद शराब का संबंध किसी होटल या संगठित शराब कारोबार से तो नहीं है।
सप्लाई नेटवर्क पर भी उठे सवाल
शराब किसकी थी, वाहन को जंगल में क्यों छोड़ा गया और शराब की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी, इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे। शराब की गिनती और अन्य कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।