मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त इमरती देवी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार उनका कोई डांस या बयान नहीं बल्कि उनका मास्क फेंकने का एक वीडियो वायरल हो रहा। दरअसल इमरती देवी दतिया के भांडेर से डबरा की ओर जा रही थी। महादेव चौराहे के पास आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बिना मास्क लगाने वालों को नि:शुल्क मास्क वितरित कर रहे थे, जब आप कार्यकर्ताओं ने इमरती देवी को बिना मास्क के देखा तो उन्होंने कार रोककर एक मास्क उनकी ओर बढ़ाया। कार्यकर्ताओं से मास्क लेकर जैसे ही इमरती देवी की कार आगे बढ़ी उन्होंने खिड़की से मास्क सड़क में फेंक दिया। वहीं उनके मास्क नीचे फेंकते ही आप कार्यकर्ता उनके पीछे दौड़े। आप कार्यकर्ताओं ने इमरती देवी के मास्क फेंकने की निंदा की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर कुछ लोगों को कहना है कि मास्क दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिया था इसलिए इमरती देवी ने नहीं लगाया।
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति बेहद खराब है लेकिन उसके बावजूद प्रदेश सरकार के मंत्री बिना मास्क के सड़कों पर घूम रहे हैं। मंत्रियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मास्क लगाना चाहिए और आम जन को प्रेरित करना चाहिए। लेकिन सरकार के मंत्री ही मास्क फेंकते नजर आ रहे हैं। एक तरफ सरकार मास्क ही है जिंदगी अभियान के तहत लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरूक कर रही है तो वहीं दूसरी ओर सरकारी मंत्री मास्क फेंककर जनता को गलत संदेश दे रहे हैं। प्रदेशभर में 61 हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमित हैं लेकिन मास्क के प्रति जिम्मेदारों का रवैया निराशाजनक है।