इंदौर के प्रतिष्ठित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में तीन छात्रों को नशीली दवाओं का इस्तेमाल करते पकड़ा गया। इन छात्रों को संस्थान से निष्कासित कर दिया गया है। इन तीनों को चार महीने बाद डिग्री मिलने वाली थी।
इन तीनों छात्रों ने साल 2011 में केट क्रेक कर पीजीपी कोर्स में प्रवेश लिया था। इन्हें मार्च 2013 में डिग्री मिलने वाली थी। इस तरह की घटना पहले भी संस्थान में हो चुकी है।
यहां नौ महीने पहले भी दो छात्र ड्रग्स लेते पकड़े गए थे। माफी मांगने पर उनका निष्कासन रद्द कर दिया गया था। प्रबंधन संस्थान के प्रवक्ता अख्तर परवेज ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। साथ ही कहा कि इस बार छात्रों पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक बचकाने प्रयोग के कारण छात्रों ने अपना उज्जवल भविष्य खराब कर लिया।