शहर में मैं हूं झोलाधारी इंदौरी मुहिम को लेकर उत्साह है। सोमवार को पलासिया चौराहे के सेल्फी प्वाइंट पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे। झोले की कटाई से लेकर सिलाई की। छह दिन में एक लाख झोले बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनको अलग-अलग वर्ग समूह के लोग बनाएंगे और वितरण किया जाएगा।
प्लास्टिक का उपयोग कम से कम हो इसके लिए इंदौर में झोलाधारी मुहिम शुरू की गई है। कुछ दिन पहले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ आकर इस मुहिम की शुरुआत की थी और कहा था कि हर इंदौरी को झोले का प्रयोग करना चाहिए ताकि प्लास्टिक का प्रयोग कम से कम हो और इंदौर और भी स्वच्छ बन सके। इसी मुहिम के चलते सोमवार को पलासिया स्थित सेल्फी प्वाइंट पर झोला निर्माण, झोला सिलाई व वितरण कार्य का शुभारंभ सांसद शंकर लालवानी ने किया। उन्होंने सिलाई मशीन पर झोले की सिलाई की और कपड़े को भी काटा। इस मौके पर संभागायुक्त पवन शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, विधायक महेंद्र हार्डिया भी उपस्थित थे। कलेक्टर-कमिश्नर ने भी सिलाई मशीन चलाई और झोले की सिलाई की।
सांसद ने काटा कैंची से कपड़ा।
- फोटो : सोशल मीडिया
बताया गया कि इंदौर में 6 दिन में 1 लाख झोले बनाने का लक्ष्य रखा गया है। पलासिया, राजवाड़ा, मालवा मिल, विजयनगर चौराहे पर इस तरह के अभियान में अलग-अलग वर्ग समूह के लोगों को बुलाकर उनसे झोले का निर्माण करवाया जाएगा। वितरण भी किया जाएगा। इसके चलते रेडीमेड कांप्लेक्स के एसोसिएशन और क्लाथ मार्केट एसोसिएशन, साकेत और राजवाड़ा क्षेत्र से व्यापारियों ने कपड़ा भी दान किया है। नगर निगम भी झोले बनाने के लिए कपड़ा एकत्र करवाएगा। इधर पलासिया चौराहे पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सिलाई मशीनों के माध्यम से झोले बनाए।
निगमायुक्त ने भी की झोले की सिलाई।
- फोटो : सोशल मीडिया
नगर निगम कमिश्नर प्रतिभा पाल ने भी सिलाई मशीन चलाकर झोले की सिलाई की।