फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Honor Killing: मुस्लिम पत्नी को ससुराल लेने पहुंचे हिंदू शख्स की पीट-पीटकर हत्या, दो साल पहले भागकर की थी शादी

Wed, 17 May 2023 06:46 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

सार

खंडवा जिले में एक युवक को ससुराल वालों ने इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को लेने पहुंचा था। दरअसल युवक हिंदू था और उसने मुस्लिम युवती से शादी की थी। इसी से नाराज युवती के परिजनों ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। मुस्लिम पत्नी को लेने जयपुर से हिंदू पति यहां पहुंचा था। युवक को ससुराल के लोगों ने जमकर पीटा। उसे गंभीर चोट पहुंची और उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पीएम रिपोर्ट के बाद मामले में और भी धाराएं बढ़ाने का पुलिस का कहना है। 
विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक राजस्थान के रहने वाले राजेंद्र सैनी ने वर्ष 2021 में खंडवा के सिंगोट की एक मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वे दोनों जयपुर रहने चले गए। लेकिन कुछ दिन पहले युवती को परिवार ने बहला-फुसलाकर उसे अपने पास सिंगोट बुलवा लिया और उसे यहीं रोक लिया। जब चार महीने बीतने के बाद भी युवक की पत्नी घर नहीं लौटी तब राजेंद्र ससुराल उसे लेने पहुंचा था। पहले तो दो बार उसके साथ मार - पीटकर ससुराल वालों ने उसे वहां से भगा दिया, लेकिन तीसरी बार वह फिर ससुराल जाकर पत्नी से मिलने की कोशिश करने लगा तब युवती के परिजनों ने उसे जमकर पीटा। युवक को अंदरूनी चोट लगने से उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसी के चलते उसकी मौत हो गई। 



पुलिस के अनुसार राजस्थान के सीकर में रहने वाला 36 वर्षीय राजेंद्र पिता मंगलचंद सैनी टाइल्स लगाने का काम करता था। वह तीन साल पहले सिंगोट कुछ काम के सिलसिले में आया था। यहां उसकी पहचान एक मुस्लिम युवती से हुई। दोनों के बीच प्रेम हुआ और वे जनवरी 2021 में सिंगोट से राजस्थान भाग गए। इधर, मुस्लिम युवती के परिजन ने गुमशुदगी दर्ज करवाई। 7 जनवरी 2022 को पुलिस ने युवती को दस्तयाब किया। युवती ने बयान में कहा था कि मैं अपनी मर्जी से राजेंद्र के साथ गई थी। हमने प्रेम विवाह कर लिया है। मैं माता-पिता के साथ नहीं राजेंद्र के साथ रहूंगी। फिर, युवती राजेंद्र के साथ जयपुर लौट गई। कुछ दिन बाद ही युवती की उसके परिवार से फोन पर बातचीत होने लगी। युवती को लगा कि परिवार ने उसकी शादी को कबूल कर लिया है। युवती के परिजनों ने बातों-बातों में उसे भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो चुका और कुछ दिन रहने के लिए घर बुलवा लिया। लेकिन उसके बाद उसे भेजना नहीं चाह रहे थे।
विज्ञापन


राजेंद्र अपनी पत्नी को लेने के लिए पूर्व में दो बार सिंगोट पहुंचा, लेकिन ससुराल वालों ने उसे पीटकर भगा दिया था। 13 मई को वह फिर पत्नी को लेने के लिए उसके घर पहुंचा। जहां उसके पिता, भाई समेत अन्य रिश्तेदारों ने उसे खूब पीटा। राजेंद्र ने डायल 100 को सूचना दी। पुलिस उसे लेकर थाने आई। उसे बाहरी चोट नहीं लगी थी। पुलिस ने अदम चैक काटा और रवाना कर दिया। 15 मई को उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।

राजेंद्र के रिश्तेदार मुकेश का कहना है कि राजेंद्र जब भी ससुराल गया तो उसे उसकी पत्नी से नहीं मिलने दिया। उसे मारपीट कर भगाया था। समय रहते पुलिस उसकी सुनवाई कर पत्नी से मिलवा देते तो उसकी हत्या नहीं होती। इधर, मामले की जांच कर रहे एसआई हरिकिशन सोनी ने बताया कि युवती और माता-पिता से पूछताछ की जा रही है। माता-पिता का कहना है कि उन्होंने राजेंद्र को नहीं मारा। पीएम रिपोर्ट में सच सामने आएगा। वहीं खंडवा एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि राजस्थान का रहने वाला एक युवक अपने ससुराल में पत्नी को लेने आया था। उसके ससुराल वालों के बीच मारपीट हुई है। मारपीट के बाद युवक की मृत्यु हो गई। मामला दर्ज कर संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें