मध्यप्रदेश के खंडवा में रविवार देर रात गिरफ्तार किए गए कहार वाड़ी क्षेत्र के पार्षद अशफाक सिगड़ पर रासुका की कार्रवाई की गई है। इसे लेकर मंगलवार को राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का बड़ा बयान आया है। गृहमंत्री ने चेतावनी दी है कि गिरफ्तार किए गए पार्षद अशफाक और उसके साथियों के अपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। साथ ही इनके अतिक्रमण को जांचने की भी बात उन्होंने कही है। वहीं, गृहमंत्री ने इसको लेकर चेताया भी है कि प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, खंडवा में रविवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं के कारण देर रात के बाद तनाव की स्थिति बन गई थी। उसके बाद शहर के मोघट थाना के पास और गांधीनगर में पथराव की घटनाएं हुई थी। इसको लेकर पार्षद अशफाक सीगड़ पर पुलिस ने बलवा करने सहित पुलिसकर्मियों को घायल करने की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था। साथ ही पार्षद के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उस पर रासुका की धारा भी लगाई थी। इसे लेकर प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का मंगलवार को बड़ा बयान सामने आया है।
गृहमंत्री ने कहा कि खंडवा ही नहीं पूरे प्रदेश में कोई भी कहीं पर भी अगर सांप्रदायिक तनाव पैदा करेगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। खंडवा के गिरफ्तार पार्षद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अशफाक की हरकत पर गौर किया है। साथ ही उसके जो साथी हैं, और उसने जो एक गैंग टाइप बना ली थी, उन सब की भी जानकारी निकाली जा रही है। गृहमंत्री के अनुसार उनका भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही गृहमंत्री ने कहा कि इनके अतिक्रमण का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
नरोत्तम मिश्रा ने खंडवा के मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े शब्दों में चेताया कि इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। गृहमंत्री ने गिरफ्तार पार्षद अशफाक के बारे में आगे कहा कि फिलहाल उसपर रासुका लगा कर उसे जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही गृहमंत्री ने चेताया कि यह मध्यप्रदेश हमारा शांति का टापू है। यहां इस तरह की कोई नापाक हरकत करेगा तो वह बख्शा नहीं जाएगा, चाहे अशफाक हो या कोई और हो।