फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhabua News: 20 फीट गहरी पुलिया से गिरी बाइक, दो की मौत, एक गंभीर; नंदर माता दर्शन से लौट रहे थे तीन दोस्त

Tue, 07 Jul 2026 03:38 PM IST
झाबुआ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झाबुआ

सार

रूपगढ़-मोहनकोट मार्ग पर माही नहर पुलिया से बाइक गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। तीनों नंदर माता दर्शन कर लौट रहे थे। रातभर पुलिया के नीचे पड़े रहे। सुबह परिजनों की तलाश के बाद हादसे का पता चला।

विज्ञापन
झाबुआ में दर्दनाक हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झाबुआ के रूपगढ़-मोहनकोट मार्ग पर माही नहर की पुलिया के पास सोमवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान विदेश पिता देवचंद गुंडिया और अरुण पिता सेतु भाभर, दोनों निवासी खेरियापाड़ा, के रूप में हुई है। वहीं विष्णु पिता शांतिलाल गुंडिया गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए झाबुआ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोमवार को बाइक से प्रसिद्ध नंदर माता मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय माही नहर की पुलिया के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे जा गिरी। हादसा देर शाम होने और अंधेरा होने के कारण मुख्य सड़क से गुजरने वाले किसी राहगीर की नजर उन पर नहीं पड़ी, जिससे तीनों पूरी रात वहीं पड़े रहे।

परिजनों ने बताया कि तीनों युवक सोमवार दोपहर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर मंगलवार सुबह उनकी तलाश शुरू की गई। तलाश के दौरान परिजन माही नहर पुलिया के पास पहुंचे, जहां ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। नीचे देखने पर तीनों युवक और उनकी बाइक पुलिया के नीचे पड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक विदेश और अरुण की मौत हो चुकी थी।

पढ़ें:  चीतल को फल खिलाना पड़ा महंगा, पहुंच गए जेल; याद रखें ये बात

गंभीर रूप से घायल विष्णु को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे झाबुआ जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया गया कि दोनों मृतक विवाहित थे और उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पेटलावद अस्पताल भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें