झाबुआ जिले में देवर-भाभी के शव कुएं से बरामद किए गए।
- फोटो : अमर उजाला
झाबुआ जिले के करवड़ चौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गंगाखेड़ी गांव के पास स्थित एक कुएं में महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सपना पत्नी राहुल प्रजापत, और श्याम पिता कैलाश प्रजापत के रूप में हुई है। दोनों आपस में देवर-भाभी के रिश्ते में थे। दोनों विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं। एक साथ दोनों के शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने कुएं के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी देखी। बाइक लंबे समय से वहां खड़ी होने पर उन्हें संदेह हुआ। जब ग्रामीणों ने कुएं के अंदर झांककर देखा तो उन्हें दो शव दिखाई दिए। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें-
एसबीआई के करोड़ों डकार गए नकली सोने के सौदागर, CBI ने ज्वेलर्स के ठिकानों पर मारे छापे
सूचना मिलते ही करवड़ चौकी पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों के लापता होने की रिपोर्ट दो दिन पहले पेटलावद थाने में दर्ज कराई गई थी। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को आत्महत्या की घटना मानकर जांच कर रही है। वहीं, प्रेम प्रसंग की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना की जानकारी मिलने पर पेटलावद थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया और करवड़ चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह चुंडावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।