जब पूरा शहर 2022 को विदाई और नववर्ष के आगमन के जश्न में डूबा हुआ था, उसी दौरान ग्वालियर में एक महिला की नृशंस हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। ग्वालियर के हजीरा स्थित गदाईपुरा में महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। ममता कुशवाहा का शव घर में बेड के नीचे रजाई में लिपटा मिला। महिला यहां किराए पर रहती थी। महिला की बेटी पूनम और उसके प्रेमी सोनू पर पुलिस को संदेह है। दोनों लापता हैं। बताया जा रहा है कि महिला की बेटी का प्रेमी 15 दिसंबर को जेल से छूटकर आया है।
पलंग के नीचे मिला शव
देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गदाईपुरा मुहल्ले में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला का शव पलंग के नीचे पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुची तो लाश पड़ी मिली। मृतका नौनेरा की रहने वाली थी और यहां अपनी बेटी के साथ किराए के मकान में रहती थी, लेकिन मुहल्ले वालों ने बताया कि सुबह से ही उसकी बेटी लापता है। माना जा रहा है कि हत्या एक दिन पहले की गई है।
अफसर मौके पर पहुंचे
सूचना मिलने पर एसएसपी अमित सांघी, सीएसपी रवि भदौरिया, थाना प्रभारी संतोष सिंह और फॉरेंसिक विशेषज्ञ अखिलेश भार्गव मौके पर पहुंचे। जिसके बाद जांच पड़ताल कर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीएसपी रवि भदौरिया का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। महिला के शरीर पर चाकुओं से गोदे जाने के निशान मिले हैं। पुलिस महिला की बेटी की तलाश कर रही है एक बार पूर्व में भी बेटी की गुमशुदगी की शिकायत लिखाई गई थी, जिसमें पुलिस ने बेटी को बरामद कर महिला के सुपुर्द किया था। मृतका भिंड जिले की रहने वाली है और चार महीने पूर्व ही यहां किराए के मकान पर रहने आई थी, पुलिस फिलहाल जांच पड़ताल कर रही है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।