ग्वालियर में तानसेन समारोह की शुरुआत रविवार से हो रही है।
- फोटो : अमर उजाला
शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश और दुनिया के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव 'तानसेन समारोह' के रंग इस बार कुछ अलग ही होंगे। यूनेस्को द्वारा सिटी ऑफ म्यूजिक के रूप में चुनी गई संगीत एवं कला की नगरी ग्वालियर में तानसेन समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। कल यानी रविवार से विश्व संगीत तानसेन समारोह की शुरुआत होने वाली है और इसका शुभारंभ करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर पहुंचेंगे। शास्त्रीय संगीत महोत्सव का यह शताब्दी वर्ष है और इस बात को ध्यान में रखकर समारोह में नए आयाम जोड़े गए हैं। विश्व संगीत तानसेन समारोह आयोजन 15 से 19 दिसंबर तक आयोजित होगा।
सिटी ऑफ म्यूजिक ग्वालियर में शताब्दी वर्ष के तानसेन समारोह का आगाज 15 दिसंबर को होगा, जो 19 दिसंबर तक चलेगा। सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर शहनाई वादन, ढोलीबुआ महाराज की हरिकथा एवं मीलाद वाचन से समारोह का पारंपरिक शुभारंभ होगा। समारोह में देश-विदेश के साधक सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर स्वरांजलि अर्पित करने ओर प्रस्तुति देने आ रहे हैं। तानसेन समारोह से एक दिन पहले यानी शनिवार को इंटक मैदान में पूर्व रंग “गमक” की सभा सजेगी ओर देश-दुनिया के लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएं होंगी और 18 दिसम्बर को अलंकरण समारोह में देश के ख्यातिनाम तबला वादक पं. स्वपन चौधरी को वर्ष 2023 के तानसेन सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
100 वर्ष हो रहे पूरे
अबकी बार विश्व संगीत तानसेन समारोह को 100 वर्ष पूरे होने पर इस उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। तानसेन समारोह से पहले देश के अलग-अलग इलाकों में संगीत की सभाएं लगाकर तानसेन को स्वरांजलि दी गई। अबकी बार तानसेन समारोह में विश्व भर के प्रसिद्ध संगीत के महानायक यहां पर अपनी प्रस्तुति देंगे। तानसेन समारोह में में 100 से अधिक संगीतज्ञों-गायकों की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें जापान, इटली, इजरायल, फ्रांस के कलाकार भी शामिल होंगे।
बता दें कि राज्य शासन के संस्कृति विभाग की उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी और मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा जिला प्रशासन, नगर निगम के सहयोग से हर साल तानसेन संगीत समारोह का आयोजन किया जाता है.. अबकी बार विश्व संगीत तानसेन समारोह को 100 वर्ष पूरे हो गए हैं इस वजह से इसी अबकी बार भव्य तरीके से मनाया जा रहा है। इसका शुभारंभ करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, संस्कृति विभाग के मंत्री सहित तमाम बड़े संगीतकार उपस्थित होंगे।