मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सिंचाई विभाग के SDO पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। नाबालिग युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने SDO पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने से पहले SDO ने युवती पर हनीट्रैप का आरोप लगाया था। एसडीओ ने शिकायत में बताया है कि होटल में बुलाकर युवती ने ब्लैकमेल कर 10 लाख रुपये हड़प लिए हैं। बताया जा रहा है कि SDO श्रीधर लाल अटेरिया श्योपुर जिले में सिंचाई विभाग में पदस्थ हैं और मुरैना जिले के रहने वाले हैं।
SDO श्रीधर लाल अटेरिया ने पुलिस में दिए शिकायती आवेदन में कहा कि लगभग तीन महीने पहले उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था। उसके बाद SDO लगातार बातचीत करते रहे और इस दौरान उससे दोस्ती हो गई। उसके बाद युवती SDO के वाट्सएप पर वीडियो कॉल करती रही और इस दौरान उसने कुछ अश्लील फोटो भी ले लिए। अश्लील फोटो के जरिए वह लगातार ब्लैकमेल करती रही और इस दौरान वह पैसे मांगती रही। SDO श्रीधर लाल ने बताया है कि इस दौरान युवती ने 10 लाख रुपये ले लिया। जब युवती के द्वारा लगातार पैसों की मांग बढ़ती गई तो SDO ने पैसे देने से मना कर दिया। उसके बाद युवती लगातार केस दर्ज कराने की धमकी देती रही। जब एसडीओ को संदेह हुआ तो उसके बाद उन्होंने मंगलवार की रात लगभग 12 बजे पड़ाव थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उसके बाद पुलिस ने आरोपी सुमन, युवक अभिदेव और एक नाबालिग लड़की के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
इस बात की जानकारी जब युवती को लगी तो वह मंगलवार की रात लगभग दो बजे पड़ाव थाना पहुंची और उसने SDO श्रीधर अटेरिया के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया। युवती ने पुलिस से शिकायत की है कि एसडीओपी ने नौकरी लगवाने के बहाने दुष्कर्म किया है। युवती ने पुलिस से शिकायत की है कि वह किसी एक महिला के साथ एसडीओ के संपर्क में आई। उसके बाद एसडीओ ने उसको नौकरी लगवाने का झांसा दिया। छह जुलाई को SDO श्रीधर लाल ने होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब इसका विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर एसडीओ के खिलाफ भी दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया।
इस मामले को लेकर सीएसपी विजय भदोरिया ने बताया है कि पड़ाव थाना में पहले एसडीओ श्रीधर लाल अटेरिया द्वारा हनी ट्रैप का मामला दर्ज कराया। फिर दो घंटे बाद युवती थाने में पहुंची। जहां उसने शिकायत की है कि एसडीओ ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। युवती की शिकायत पर एसडीओ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है अब इस मामले में दोनों तरफ से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।