ग्वालियर-चंबल अंचल में समर्थकों ने लगाए पोस्टर
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद अब सीएम के नाम पर विचार जारी है। भोपाल से दिल्ली तक मीटिंग जारी हैं। सीएम के चेहरे को लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रहलाद पटेल का नाम सामने आ रहा है, लेकिन इससे पहले ही इन सभी दिग्गज नेताओं के समर्थक नेता और कार्यकर्ता अपनी-अपने नेता के लिए दावा ठोक रहे हैं। ग्वालियर-चंबल इलाके से इस बार सीएम बनाने की मांग तेज हो रही है। सीएम के नाम को लेकर दिल्ली में भाजपा के दिग्गज लगातार मंथन कर रहे हैं।
बता दें कि कई दिनों सीएम के नाम को लेकर सियासी हलचल तेज है। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने अभी तक किसी का नाम फाइनल नहीं किया है और न ही सीएम के चेहरे को लेकर कोई संकेत दिया है, लेकिन इससे पहले ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री तोमर के समर्थकों ने शहर में बधाई के होर्डिंग लगवा दिए हैं। होर्डिंग में मध्य प्रदेश के नक्शे के बीच "BOSS" लिखा है। इसके अलावा सिंधिया के भी कई समर्थक सोशल मीडिया पर सीएम के चेहरे को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया को बधाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में नए सीएम फेस को लेकर दिल्ली में मंथन जारी है और सीएम की रेस में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल और कैलाश विजयवर्गीय शामिल हैं, लेकिन अभी तक पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से कोई हरी झंडी नहीं मिली है। वहीं एक दिन पहले जिन सांसदों ने विधानसभा का चुनाव लड़ा था, उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद मध्य प्रदेश में लोग अपने-अपने तरीके से सीएम के चेहरे को लेकर दावा ठोक रहे हैं।