रिटायर्ड सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा के घर ईडी का छापा।
- फोटो : Amar Ujala
मध्य प्रदेश के परिवहन विभाग का पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा पुलिस और जांच एजेंसियों की पकड़ से दूर है। एजेंसियां उसकी तलाश में लगी हैं। इधर, शुक्रवार सुबह ED (प्रवर्तन निदेशालय) ने फरार चल रहे सौरभ शर्मा के मामले में उसके जीजा विनय हासवानी के बिजनेस पार्टनर रिटायर्ड सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा के घर छापा मारा। सुबह पांच बजे शुरू हुई ईडी की यह कार्रवाई देर रात 12 बजे तक जारी रही। हालांकि, टीम को पूर्व सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा घर पर नहीं मिला। ऐसे में उसके आलीशान घर में रहने वाले किराएदारों से अफसरों ने घंटों तक सवाल जवाब किए हैं।
कार्रवाई पूरी होने से करीब एक घंटे पहले 11 बजे ईडी ने केके अरोरा के घर सुनार को बुलाया। साथ ही दस्तावेज जब्त कर रखने के लिए बॉक्स भी मंगाए। सुनार को बुलाने का साफ संकेत यही है कि ईडी को रेड में बड़ी मात्रा में सोना और चांदी मिला है। इसके अलावा प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी की टीम जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है।
दरअसल, शुक्रवार को ईडी की टीम ने ग्वालियर में पूर्व सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा के ठिकानों पर छापा मारा। केके अरोरा के तार आरटीओ के पूर्व कांस्टेबल सौरभ शर्मा से जुड़े होना बताया जा रहा है। साथ ही सौरभ के जीजा विनय से केके अरोरा के व्यापारिक संबंध भी हैं। कार्रवाई के दौरान बॉक्स और सुनार को बुलाने के कारण यह कयास लगाए जा रहे हैं कि केके अरोरा के घर पर काफी मात्रा में सोना-चांदी मिला है। जिसे जब्त करने और उसका वजन करने के लिए सुनार को बुलाया गया है। साथ ही जो बॉक्स मंगाए गए थे, उनमें सोना और जब्त किए दस्तावेज रखकर टीम अपने साथ ले गई है। जब्त किए गए दस्तावेज प्रॉपर्टी या रुपयों के लेन देन से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, अब तक ईडी की ओर से इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
किराएदारों से घंटों चली पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि छापामार कार्रवाई के दौरान पूर्व सीनियर सब रजिस्ट्रार केके अरोरा ईडी की टीम को घर नहीं मिला तो वहां रहे किराएदारों से घंटों तक पूछताछ की गई। ईडी के अफसरों ने किराएदारों से पूछा है कि सौरभ शर्मा और विनय यहां कितना आते-जाते थे। क्या हाल ही में पूर्व केके अरोरा ने कोई प्रॉपर्टी खरीदी है। केके अरोरा कहां गायब है और कब से गायब है।
करोड़ों की संपत्ति का हुआ था खुलासा
दरअसल, बीते दिनों लोकायुक्त पुलिस के छापे में परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा के पास करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ था। साथ ही भोपाल में खड़ी लावारिस कार से 52 किलो सोना और 234 किलो चांदी भी मिली थी। लोकायुक्त पुलिस की ओर से यह कार्रवाई 18 और 19 दिसंबर 2024 को की गई थी। इसके बाद से सौरभ शर्मा के करीबियों और कोरोबारी पार्टनर पर शिकंजा कसा जा रहा है।