शहर के एक शासकीय प्राथमिक स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा टल गया। इसको लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिला शिक्षा अधिकारी को शासन की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि जिले में जितने भी स्कूल हैं उनका पूरा सर्वे कराया जाए और जर्जर भवनों की पूरी लिस्ट बनाई जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि जो भवन पुराने और जर्जर हालत में है वहां कोई भी कक्षाएं न लगाई जाए, उसके स्थान पर नजदीकी जो भी सुरक्षित भवन हो वहां बच्चों को पढ़ाया जाए।
बता दें कि ग्वालियर के चकराम पुरा में एक शासकीय प्राथमिक स्कूल की छत गिर गई। गनीमत यह रही की घटना होने से पहले स्कूल स्टाफ और बच्चे निकल चुके थे। इस स्कूल में 19 बच्चे पढ़ते हैं, जबकि दो अध्यापक पदस्थ हैं। छुट्टी होने के बाद महज 15 मिनट के अंदर भवन के भीतर से अचानक तेज आवाज आई, इसे देखने के लिए जब लोग आसपास से एकत्रित हुए तब पता चला कि भवन की छत गिर चुकी है। बताया जा रहा है कि स्कूल काफी पुराना है। सूत्रों की मानें तो यह भवन लगभग 100 साल से भी अधिक पुराना है।