ग्वालियर जिले के महाराज बाड़ा से डेढ़ महीने पहले लापता हुई नाबालिग स्टूडेंट को कोतवाली थाना पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम में एक हॉस्टल से बरामद किया है। लड़की को एक नाबालिग लड़का बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया था। पुलिस ने लड़की को बरामद करने के साथ ही नाबालिग आरोपी को भी निगरानी में ले लिया है। पीड़िता के साथ शादी के नाम पर संबंध बनाने की बात भी सामने आ रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि तीन जनवरी को महाराज बाड़ा से एक किशोरी लापता हो गई थी। किशोरी के गायब होने की शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगी थी, लेकिन, उसका पता नहीं चल रहा था। किशोरी की तलाश की जिम्मेदारी एसआई मोहिनी मिश्रा, एएसआई अरुण सिंह तोमर, आरक्षक मनोज तिवारी और महिला आरक्षक कुमकुम को सौंपी गई थी।
पुलिस को किशोरी के दिल्ली के पास गुरुग्राम में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम एक ही इलाके में दो दिन तक किशोरी की घरों में तलाश करती रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने वहां पर संचालित गर्ल्स हॉस्टल चेक किए तो नाबालिग एक हॉस्टल में मिली। उससे पूछताछ की तो पता चला कि उसे उसके गांव का रहने वाला एक नाबालिग अगवा कर उसे लाया था। उसने उसके साथ गलत काम भी किया था।
इसका पता चलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश की और निगरानी में लेकर उसे बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। किशोरी उत्तर प्रदेश के उरई की रहने वाली है। वह ग्वालियर में अपनी मां के साथ मौसी के घर आई थी। मौसी और मां के साथ वह महाराज बाड़ा खरीदारी करने आई थी और अचानक गायब हो गई। किशोरी के साथ पकड़ा गया नाबालिग उसका दोस्त निकला है।