कैब चालक की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत
ग्वालियर में एक कैब चालक की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अपने साथियों के साथ बड़ागांव खुरैरी पर पूल पार्टी करने पहुंचा था। यहां 100 रुपये एन्ट्री फीस देने के बाद वह पूल में नहाने चले गए। इस दौरान पता लगा है कि उन्होंने वहां शराब पार्टी भी की थी। इसके बाद सभी दोस्त पूल में पार्टी कर रहे थे। तभी अचानक पवन वर्मा ने ऊपर से छलांग लगाई और पानी में चला गया। इसके बाद वह निकला ही नहीं। कुछ देर तक दोस्त तलाशते रहे, तभी वह पानी पर उतराता हुआ नजर आया।
दोस्तों ने देखा तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इस पर तत्काल दोस्त उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंचे और वहां डॉक्टर ने पवन की नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। पवन अपने घर पर ही था, लेकिन उसके दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे। उनमें से एक दोस्त पप्पी ब्याज पर पैसा देने का काम करता है। वहीं उसे बुलाकर ले गया था। परिजन ने पवन की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध बताकर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना के बाद जब पुलिस ने छानबीन की तो मृतक की मौत से चंद मिनट पहले का एक आखिरी वीडियो सामने आया है, जिसमें पवन स्विमिंग पूल में नहाते दिख रहा है। यह वीडियो भी वहां उसके दोस्त ने बनाया था। इसमें वह पानी में उतराते नजर आ रहा है। पुलिस ने इन सभी वीडियो को संज्ञान में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।