मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा देहात के पिछोर क्षेत्र में सड़क पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 16 साल के किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। दरअसल, मंगलवार की सुबह कैथोदा निवासी कल्याण सिंह अपनी बाइक से पिछोर जा रहे थे। उसी समय 16 वर्षीय रोहित पिछोर से गांव की ओर लौट रहा था। दोनों बाइक तेज स्पीड में थी और अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गई।
विज्ञापन
हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस और पिछोर पुलिस को सूचना दी। दोनों को डबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक कल्याण सिंह की पत्नी गुजरात में रहती हैं। परिजन उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। रोहित अपने घर का इकलौता बेटा था। एक साल पहले उसके पिता की कैंसर से मृत्यु हो गई थी।उसकी एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और 12 साल की छोटी बहन है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।