पत्नी का निधन होने के बाद दूसरी शादी के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से जीवन संगिनी की तलाश करना ग्वालियर जिले के एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। उससे न सिर्फ रुपये टोकन अमाउंट के नाम पर ले लिए गए, बल्कि रुपये लेने वाले लोगों ने अब अपने मोबाइल भी बंद कर लिया। ऐसे में पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत एसपी ऑफिस पहुंचकर की है, पुलिस अधिकारियों द्वारा इस मामले में विवेचना की जा रही है।
दरअसल, ग्वालियर के रहने वाले हीरालाल खटीक के पत्नी की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। ऐसे में हीरालाल द्वारा दूसरी शादी करने के लिए मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से कुछ नंबरों पर संपर्क किया गया था और उनसे टोकन अमाउंट जमा करने को कहा गया था। इस पर उन्होंने पांच से सात हजार रुपये टोकन राशि के रूप में जमा भी कर दिए थे। बाद में जिन नंबरों पर उसने संपर्क किया था, वह नंबर बंद आने लगे।
ऐसे में पीड़ित ने मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस जनसुनवाई में मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मीणा का कहना है कि हीरालाल खटीक की शिकायत पर मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया है। उसके साथ ठगी की वारदात करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।