ऊर्जा मंत्री के बंगले पहुंची इमरती देवी
- फोटो : अमर उजाला
भीषण गर्मी में मध्यप्रदेश में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। ऊर्जा मंत्री के गृह जिले ग्वालियर में रोजाना चार से पांच घंटे बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोग काफी परेशान हैं। अघोषित बिजली कटौती से आम लोगों के साथ ही नेता भी परेशान नजर आ रहे हैं। सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी सिंह तोमर मंगलवार को अपने इलाके में हो रही अघोषित बिजली कटौती की शिकायत लेकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पर पहुंची। पूर्व मंत्री इमरती अपने साथ व्यापारी और पार्षदों को लेकर आई थीं।
पूर्व मंत्री इमरती ने कहा कि डबरा शहर में और ग्रामीण क्षेत्र में कई घंटे लाइट कटौती हो रही है, गर्मी में लाइट कटौती से जनता बेहाल है, जनता को बिजली मिल नहीं रही, लेकिन डबरा में बिजली बिलों के नाम पर जनता से जमकर वसूली हो रही है, डबरा में बिजली की स्थिति बहुत ही खराब है। डबरा में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है कि बिजली कटौती से डबरा त्रस्त हो गया, इसके लिए उन्होंने डबरा शहर के बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।
गौरतलब है कि इस समय मध्यप्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर चंबल अंचल में लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी में इस कटौती से लोग काफी परेशान हैं। हालात यह है कि इस समय रोज चार से पांच घंटे बिजली कटौती हो रही है और इसको लेकर आम लोग शिकायत करने के लिए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले पर पहुंच रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बिजली की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है, हालांकि इसको लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार भीषण गर्मी में ट्रैफिक के मामले तेजी से बढ़ रही हैं, इस कारण अघोषित बिजली की समस्या आ रही है।