ग्वालियर में कोचिंग के छात्र को बदमाशों ने निशाना बनाया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भीड़भरे इलाके में कोचिंग के छात्र को पांच नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। उस पर लात-घूंसे बरसाए। कनपटी पर कट्टा भी तान दिया। मिस फायर होने से उसकी जान बच गई, वरना कोशिश तो हत्या की थी। इस घटना को सीसीटीवी कैमरे ने कैद कर लिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
घटना बुधवार शाम की है। गायत्री विहार में गरुड अकादमी की कोचिंग क्लासेस चलती है। 19 साल का अर्जुन सिंह 12वीं का छात्र है और जैसे ही कोचिंग से बाहर निकला और अपनी बाइक पर सवार हुआ पांच नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया। वहां कुछ छात्र-छात्राएं भी खड़े थे, लेकिन वह कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अर्जुन की लात-घूंसों से पिटाई करने लगे। एक बदमाश ने देसी कट्टा भी उसकी कनपटी पर तान दिया। किस्मत अच्छी थी कि मिस फायर हो गया, जिससे उसकी जान बच गई।
पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में अर्जुन सिंह ने केस दर्ज कराया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रितिक राठौर, योगेश शर्मा और संदीप राजावत समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट हुई है। पुलिस को अब तक यह नहीं पता कि पांचों हमलावरों ने हमला क्यों किया? आरोपियों की तलाश की जा रही है।