18 करोड़ की ठगी का आरोपी सचिन सोनी
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर पुलिस ने 18 करोड़ की ठगी के आरोपी को खंडवा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी केनरा बैंक का तत्कालीन मैनेजर है, जिस पर 18 करोड़ रुपये की धोखधड़ी का आरोप है। पुलिस आरोपी की बीते 4 सालों से तलाश कर रही थी, उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
आरोपी मैनेजर को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें पिछले एक माह से कई राज्यों में दबिश दे चुकी थीं, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर निकल जाता था। पुलिस ने दो साल में करीब आधा सैकड़ा ठिकानों पर दबिश दी। मंगलवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की आरोपी को खंडवा में देखा गया है, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
2017 में दर्ज किया गया था मामला
केनरा बैंक के तत्कालीन मैनेजर सचिन सोनी के खिलाफ 2017 में क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय थाने में 18 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से लगातार आरोपी फरार था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अलग-अलग टास्क फोर्स बनाकर तलाश कर रही थी।
चेन्नई से लेकर महाराष्ट्र तक दी दबिश
धोखाधड़ी के आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस ने चेन्नई से लेकर महाराष्ट्र तक के ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी पुणे से होते हुए खंडवा पहुंचा था, जिसे मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी लोन के जरिए की 18 करोड़ की ठगी
केनरा बैंक के तत्कालीन मैनेजर रहे सचिन सोनी ने फर्जी नामों पर 18 करोड़ का फर्जी लोन फाइनेंस किया था। जब लोन लेने वालों की जानकारी जुटाई गई, तो जांच में पाया गया कि सभी लोन फर्जी आईडी पर लिए गए हैं।धोखाधड़ी का खुलासा होते ही आरोपी फरार हो गया। आरोपी पर 6 मामले दर्ज हैं। बैंक प्रबंधन ने आरोपी के फरार होने के बाद मामले दर्ज कराए थे।