शहर में बेजुबान जानवर के साथ बेरहमी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में एक युवक पर कुत्तों पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगा है। घटना में एक कुत्ते की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
पीएचई कॉलोनी निवासी नरेंद्र अहिरवार के मुताबिक वे घटना के समय अपने घर के बाहर बैठे थे। परिवार की महिलाएं और बच्चे भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान कॉलोनी में रहने वाला ओमी जाटव हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा और कॉलोनी में घूमने वाले कुत्तों पर हमला करने लगा।
आरोप है कि युवक ने एक कुत्ते पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद डॉग की मौत हो गई। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद नरेंद्र के छोटे भाई की पत्नी भी बाल-बाल बचीं। महिला ने किसी तरह घर के अंदर जाकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बाद वह किसी तरह मौके से भाग निकला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़ें: बैतूल: बदहाल सड़क पर भड़के ग्रामीण, पांचवीं बार गुहार लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, कहा- शव ले जाना भी हुआ मुश्किल
शिकायतकर्ता नरेंद्र अहिरवार का आरोप है कि जब उन्होंने युवक को रोकने की कोशिश की तो वह उनके साथ भी विवाद करने लगा। नरेंद्र ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन विवाद करता है और हथियार लेकर लोगों को डराता-धमकाता है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के तुरंत बाद हजीरा थाने में शिकायत दी गई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और फरियादी की शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने बेजुबान जानवरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।