कांग्रेस के पूर्व विधायक फूलसिंह बरैया की बेटी की शादी का कार्ड जमकर वायरल हो रहा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर में कांग्रेस के पूर्व विधायक फूलसिंह बरैया की बेटी की शादी का कार्ड जमकर वायरल हो रहा है। कार्ड पर लिखा है कि भारत का संविधान बचना है, लोकतंत्र बचाना है। इतना ही नहीं आगे लिखा है भारत के 140 करोड़ नागरिकों का हक, अधिकार बचाना है तभी भारत देश बचेगा। यह कार्ड सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। शादी 11 अप्रैल को ग्वालियर में है।
ग्वालियर चंबल अंचल के सबसे बड़े दलित नेता और कांग्रेस के पूर्व विधायक फूल सिंह बरैया ने बताया कि शादी में बारातियों को भेंट के रूप में एक-एक संविधान की कॉपी भेंट दी जाएगी। इसका उद्देश्य है कि सभी लोगों को संविधान बचाने के लिए प्रेरित किया जाए। इसको लेकर कांग्रेस नेता फूल सिंह बरैया ने लगभग संविधान की चार सौ कॉपी छपवा ली हैं, जो शादी में आने वाले हर बराती को दी जाएगी। इसके साथ ही कार्ड पर यह भी लिखा गया है कि कोई भी गिफ्ट लेकर नहीं आए वह स्वीकार नहीं की जाएगी।
बताया जा है कि शादी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ और दिग्विजय सिंह भी शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि फूल सिंह बरैया ग्वालियर चंबल अंचल की सबसे बड़ी दलित नेता और कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। फूल सिंह बरैया की दलित वर्ग में काफी अच्छी पकड़ है और काफी मुखर माने जाते हैं। यही वजह है कि शिवराज सरकार को मंच के माध्यम से कई बार चेतावनी दे चुके हैं तो वहीं शिवराज के मंत्रियों पर अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर चुके हैं।