गुना में जलती चिता से राख उठाते दो लोगों को परिजनों ने पकड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जलती चिता के सामने से मृतक के परिजनों ने दो लोगों को पकड़ा, जिन पर आरोप था कि वे चिता के सामने तंत्र-मंत्र की क्रिया कर रहे थे। इनके साथ एक युवक और भी था, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक गोपालपुरा के रहने वाले अश्विनी केवट का ह्रदय गति रुकने के कारण देहांत हो गया था। इनका शुक्रवार शाम गोपालपुरा में स्थित श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया था। रात नौ बजे के लगभग परिजन श्मशान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चिता के पास तीन अज्ञात लोग खड़े हैं। कुछ तांत्रिक क्रियाएं कर रहे हैं, जिनमें से एक युवक फरार हो गया। बाकी दो लोग परिजनों के हत्थे चढ़ गए। उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी अविनाश चंदेल, दिलीप चंदेल और राहुल बैरागी के विरुद्ध धारा 297 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गुना कैंट थाना प्रभारी पंकज त्यागी का कहना है कि गोपालपुरा में जो श्मशान है, जहां कल एक मौत हुई थी। उसे परिजन जलाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें दो लोग चिता की राख ले रहे थे, जिन्हें लोगों ने पकड़ लिया। एक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए लोगो में से एक बाबा है, जिसका कहना है कि वह शंकर जी का अभिषेक करने के लिए राख लेने आए थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक साथी फरार है। तीनों के विरुद्ध धारा 297 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।