गुना में सीएम मोहन यादव सहित बीजेपी नेता
- फोटो : अमर उजाला
गुना लोकसभा में चुनाव प्रचार जोरों शोरों पर है। जहां एक तरफ शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में अशोकनगर में सभा की। वहीं, शाम को अशोकनगर में मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने गुना में सिंधिया के समर्थन में एक विशाल सभा को संबोधित किया।
गुना को अपने दिल का हिस्सा बताते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बोला कि दुख की घड़ी में सिंधिया परिवार हमेशा आपके साथ रहता है। हाल ही में जब ओलावृष्टि हुई, तब मैंने मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के सहायता से 48 घंटे के अंदर सारे किसानों को मुआवजा राशि का पत्र दिलवाया है।
'कांग्रेस भगवान राम को काल्पनिक मानती है, उन्हें घर बैठा दो'
कांग्रेस पर हमला करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस कहती है कि भगवान राम काल्पनिक है, वह महिलाओं का अपमान करते हैं। संविधान का विरोध करते हैं और इसीलिए जरूरी है कि हम पूरी की पूरी कांग्रेस को घर बैठा दें।
वीडी शर्मा ने जमकर की सिंधिया की तारीफ
सिंधिया की तारीफ करते हुए वीडी शर्मा ने कहा कि सिंधिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैबिनेट के महत्वपूर्ण मंत्री हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में हवाई अड्डों की संख्या को 150 पार तक पहुंचाया है और जल्दी ही गुना में भी एयरपोर्ट बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर निशाना साधते हुए बिना नाम लिए दोनों को राहु केतु बताया। सिंधिया की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि 2018 में सिंधिया के कंधे पर बैठकर कांग्रेस ने चुनाव जीता था और जब चुनाव के बाद कांग्रेस सरकार ने नागरिकों के साथ नाइंसाफी की तो सिंधिया ने पूरी कांग्रेस को घर पर बैठा दिया। दोनों ही दिग्गजों ने सिंधिया की जमकर तारीफ की और जनता से कमल के निशान पर बटन दबाने की अपील की।