बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। ग्राम भिलेरा के पास तेज रफ्तार ट्रक और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पुर्जे कई मीटर दूर तक बिखर गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान आकाश चौरसिया (निवासी मेहगांव, भिंड), नमोनारायण मीना (निवासी श्योपुर) और मनीष कुमार जाटव (निवासी चांचौड़ा) के रूप में हुई है। सभी युवक वेटनरी के प्रैक्टिस डॉक्टर बताए जा रहे हैं, जो एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
ये भी पढ़ें: Omkareshwar: सीआईएसएफ आरक्षक की संदिग्ध मौत, नर्मदा किनारे पेड़ पर लटका मिला शव; 10 दिन से था लापता
हादसे में घायल योगेश करोलिया, पारस करोलिया, सूरज जाटव और अजय शाक्य को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें योगेश और पारस की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रैफर कर दिया गया है।
दुर्घटना रात करीब 2 बजे हुई। जोरदार टक्कर की आवाज से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उसी रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से निकालने में मशक्कत की।
हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों और परिचितों में गहरा दुःख व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।