मध्यप्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी उल्टी दौड़ते हुए रेलवे बिल्डिंग में ही जा घुसी। मालगाड़ी के पीछे जाने की वजह से तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद पटरी को नुकसान होने के साथ ही बिजली के दो खंभे भी टूट गए।
रेलवे के एक भवन (केबिन) को भी नुकसान हुआ है। हादसे में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थोड़ी देर बाद ही इस लाइन से जयपुर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। अगर वह ट्रेन आ जाती तो भयानक हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद रतलाम-नागदा का रेल यातायात बाधित हुआ है जिससे कुछ ट्रेनों के संचालन में देरी हुई। घटना गुरुवार सुबह पौने छह बजे की बताई जा रही है। रतलाम स्टेशन के पास आउटर पर गिट्टी सप्लाई करने वाली मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी थी कि अचानक यह पीछे की ओर लुढ़क गई। जिस से उसके तीन डिब्बे बेपटरी होकर खंभे से टकरा गए।
मालगाड़ी के बेपटरी होने की सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी से लेकर राहत दल की पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। हादसे वाली जगह पर सबकुछ ठीक-ठाक करने के बाद रेल यातायात सामान्य किया गया।