सेंट्रल पार्क होटल के पास ऑटो और एक्टिवा की टक्कर होने बाद युवतियों ने जमकर हंगामा किया। ऑटो में युवतियों ने तोड़-फोड़ की। नशे में युवतियों ने ऑटो चालक पर गलत तरीके से ओवरटेक करने का आरोप लगाया है।
ग्वालियर जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क होटल के पास रविवार रात ऑटो और एक्टिवा की टक्कर हो गई। जिसके बाद मौके पर अच्छा खासा हंगामा खड़ा हो गया। एक्टिवा सवार युवतियों ने पहले तो ऑटो चालक को जमकर गालियां दीं। उसके बाद ऑटो में तोड़-फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। युवतियां नशे में थीं।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, टक्कर होने के बाद एक्टिवा सवार दोनों युवतियां ऑटो चालक से भिड़ गईं। युवतियों ने ऑटो चालक को रोक लिया और गलत तरीके से ओवरटेक करने का आरोप लगाया। उसके बाद में युवतियों ने ऑटो चालक को गालियां देनी शुरू कर दी। आरोप कि ऑटो में घुसकर तोड़फोड़ की और चालक के साथ धक्का-मुक्की की। घटना की सूचना मिलने पर आस-पास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई।
लोगों ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की, लेकिन युवतियां उलटा उनसे भी उलझ गईं और बदतमीजी से पेश आई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवतियां शराब के नशे में धुत्त थीं। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया, लेकिन नशे की हालत में युवतियां ऑटो चालक पर कार्रवाई करने की जिद पर अड़ गईं। जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। टीआई संतोष यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।