इंदौर में एक छात्रा ने अपने पुराने क्लासमेट को फेसबुक पर ऐसा सबक सिखाया कि उसकी अब हालत खराब है। आरोपी छात्रा को अश्लील कमेंट कर रहा था। छात्रा उसके कमेंट से परेशान नहीं हुई बल्कि अमिताभ बच्चन की 'पिंक' मूवी से प्रेरणा लेकर उसे सबक सिखाने की ठान ली। छात्रा ने उसके फेसबुक ग्रुप में जाकर अमिताभ बच्चन को धन्यवाद देते हुए पोस्ट लिखा जिसमें उसकी हकीकत उजागर हो गई।
इस पोस्ट पर छात्रा की काफी तारीफ भी हुई और आरोपी को इतनी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी कि उसने अपना एकाउंट बंद कर लिया। छात्रा प्रीति माथनकर ने बैतूल के सुयश जायसवाल के खिलाफ भंवरकुआं थाने में शिकायत भी दर्ज करा दी है।
प्रीति बीए पास है और यूपीएससी की तैयारी कर रही है। प्रीति ने पुलिस को बताया कि बैतूल में सुयश उसका क्लासमेट था। बाद में वह इंदौर आ गई। इसी बीच सुयश ने उसके फेसबुक अकाउंट पर पर्सनली कमेंट्स किए। जब जवाब नहीं दिया तो उसने भद्दे मैसेज भेजना शुरू कर दिए। उसे सबक सिखाने के लिए अमिताभ बच्चन की फिल्म पिंक से प्रेरणा लेकर लड़कों के ग्रुप्स में सुयश की हकीकत बताने वाले पोस्ट किए।