एक फरवरी को न्यूयार्क में 'फ्रैंड्स ऑफ एमपी' का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार और भारतीय महावाणिज्यदूतावास ओर से किए जा रहे इस आयोजन के तहत विदेशों में बसे राज्य के नागरिकों को यहां के विकास में सहयोग करने के लिए एक ग्लोबल टैलेंट पूल बनाया जाएगा।
प्रदेश के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक एक फरवरी को न्यूयार्क के भारतीय महावाणिज्यदूतावास और मध्य प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह आयोजन किया जा रहा है। बताया गया कि राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे।
न्यूयार्क के लिंकन सेन्टर प्लाजा के एवेरी फिशर हॉल में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में सीएम चौहान राज्य की वेबसाइट फ्रैंड्स ऑफ एमपी को भी लांच करेंगे। 'फ्रैंड्स ऑफ एमपी' के तहत सरकार ने इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, विकास, ग्रामीण विकास, कौशल विकास समेत पाचं क्षेत्र चिन्हित किए हैं, जिसमें सरकार अलग-अलग क्षेत्रों के बुद्घिजीवियों, गैर सरकारी संस्थाओं समेत अन्य संस्थाओं से मध्यप्रदेशके विकास में सहयोग व सुझाव को आमंत्रित करेगी। इससे पहले ऐसे लोगों को व संस्थाओं को फ्रैंड्स ऑफ एमपी से जोड़कर अपना दोस्त बनाऐगी।