मध्यप्रदेश के इंदौर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां चार लोगों ने सरकारी क्वार्टर में घुसकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील राजोरे को शनिवार शाम उनके ही घर में बंधक बना लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। एसपी रेडियो ने बताया कि रात के करीब दो बजे दो बदमाश उनके घर में खिड़की की जाली काटी और फिर घर के दरवाजे की कुंडी खोल दी। पुलिस अधिकारियों के आने से पहले बदमाश एक घंटे तक घर में ही रहे और चोरी की।
भागने की कोशिश कर रहे एक
बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसपी की 70 वर्षीय मां बेबी राजोरे, 37 साल की बहन संगीता नेके, 15 साल की भतीजी आयुषी नेके और उनका छोटा भाई घटना के समय घर पर मौजूद थे। एसपी ने बताया कि बदमाश पहले उनकी मां के कमरे में घुसे और फिर उनके कमरे में आए और उनके पर्स को चुरा लिया जिसमें डेबिट कार्ड सहित कुछ पैसे रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने हुक पर टंगी पैंट्स को चेक किया और उन्हें हॉल में फेंक दिया।
एसपी ने कहा, 'उन्होंने मेरे कमरे का दरवाजा बंद किया और हॉल में चले गए जहां मेरी बहन संगीता और मां सो रही थीं। मेरी बहन ने उनकी परछाई देखी और मुझे बुलाने की कोशिश की। मेरी मां ने आपातकालीन घंटी का इस्तेमाल करके मुझे अलर्ट किया।' उन्होंने आगे बताया कि जैसे ही उन्होंने मदद के लिए अपनी मां तक पहुंचने की कोशिश की तो उन्हें पता चला कि उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन को फोन करके कमरे का दरवाजा बंद करने के लिए कहा।
चार बदमाशों में से दो घर के अंदर घुस आए और दो बाहर रहकर चौकीदारी कर रहे थे। एसपी ने कहा, हालांकि मैं घर के अंदर मौजूद आरोपियों को नहीं देख पाया। लेकिन घर के बाहर मौजूद एक आरोपी को मैंने खिड़की के जरिए देखा था। एसपी ने कंट्रोल रुम को इसकी जानकारी दी और मदद मांगी। पुलिस अधिकारी 20 मिनट के अंदर मौके पर पहुंचे और घर को घेर लिया। तीन बदमाश पुलिस के आने पर मौके से फरार होने में कामयाब रहे जबकि एक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बदमाशों ने घर के अंदर कीमती सामान को ढूंढने की काफी कोशिश कीं लेकिन ढूंढ नहीं पाए। बदमाशों ने चोरी से पहले सीसीटीवी कैमरे की तार काट दी थी।