दिल्ली की एक अदालत ने जिस दिन 2012 में हुए निर्भया कांड के चार दरिंदों के लिए मौत की तारीख तय की। उसी दिन मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बेखौफ घूम रहे एक दरिंदे ने एक पांच साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया।
भोपाल में 27 साल के आरोपी ने घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम को चॉकलेट का लालच दिया और अपने घर ले गया। जहां उससे दरिंदगी करने लगा। अशोका गार्डन इलाके में बच्ची के साथ ज्यादती करने वाले आरोपी का नाम रामबाबू मालवीय है जो खुद दो बच्चों का पिता है।
मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद वहां रामबाबू आया और बच्ची को 10 रुपये और चॉकलेट का लालच देकर अपने घर ले गया। घर पहुंचकर उसने दरवाजा बंद किया और मोबाइल पर पोर्न फिल्म देखी। इसके बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वहां लोग इकट्ठा हुए जिन्होंने आरोपी को धरदबोचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। चार महीने पहले रामबाबू ने मोहल्ले की एक दूसरी बच्ची को पोर्न फिल्म दिखाई थी। हालांकि दोनों पक्षों में इस मामले पर समझौता हो गया था।
घटना को लेकर एसएसपी साहू ने बताया कि रामबाबू शादीशुदा है और उसके दो बच्चों की उम्र भी पीड़िता के बराबर है। वह पोर्न फिल्में देखने का आदी है इसी कारण ऐसी हरकतें करता रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ नाबालिग से दरिंदगी, बंधक बनाने, अगवा करने की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।