मध्यप्रदेश के देवास शहर के औद्योगिक इलाके में सोमवार रात को अचानक आग लग गई। यहां माचिस की तीली का केमिकल बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। हालांकि अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है।
ऐसा बताया जा रहा है कि सोमवार की रात करीब आठ बजे धमाका हुआ। इसके बाद फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर भागने लगे। आगे के साथ केमिकल फैक्टरी में लगातार विस्फोट भी हुए। विस्फोट की आवाज से आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकले।
जब उन्होंने आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखी तो वो अपने घर से जरूरी सामान लेकर भागने लगे। कुछ लोगों के हाथ में गैस सिलिंडर तो कुछ लोगों ने अपने बच्चों को संभाला हुआ था। कुछ गांव वालों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर बाद आई। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
आग लगने के बाद इलाके की लाइट को बंद करवा दिया गया है। करीब एक दर्जन से ज्यादा दमकल टैंकर आग बुझाने में लगे रहे। आग को बढ़ता देख इंदौर से भी दमकल की गाड़ियां भी बुलाई गईं। गांव वालों ने बताया कि विस्फोट की आवाज सुनकर जैसे ही घरों से बाहर आए तो देखा कि फेक्टरी में आग लगी हुई है।
उस समय कई लोग खाना खा रहे थे लेकिन वो खाना छोड़ अपने बच्चों को साथ लेकर दो किलोमीटर तक भागे और इंदौर रोड पर जा पहुंचे। कई लोग सिलिंडर लेकर भागे तो कई लोगों को जरूरी सामान उनके घर पर ही छूट गया। बता दें कि केमिकल फेक्टरी के आस-पास करीब दो से तीन हजार मजदूर अपने परिवार के साथ रहते हैं।
इसके अलावा कुछ लोग अपने परिवार के साथ फेक्टरी के अंदर ही रहते हैं लेकिन आग लगते ही वे अपना सामान छोड़कर वहां से भाग गए। लोगों ने बताया कि उनका कहीं कोई ठिकाना नहीं है, इसलिए वो आग बुझने का इंतजार कर रहे हैं।