ग्वालियर व्यापार मेले में आग लगने से लगेज और रेडीमेड कपड़े समेत छह दुकानें राख हो गईं। दो घंटे की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लगभग 40 लाख के माल का नुकसान हुआ है। अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
आग लगने की यह घटना रविवार सुबह की है। सुबह साढ़े छह बजे लुधियाना होजरी सेल के पीछे आग की लपटें उठने लगीं। लपटों को देखकर सुरक्षा गार्ड ने दुकानों में सो रहे कर्मचारियों को जगाया। सभी आग बुझाने की कोशिशों में लग गये। मौके पर आयी फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पानी डालकर आग पर काबू किया।
आग लगने के कारणों के संबंध में कुछ दुकानदारों का कहना है कि आग रेडीमेड कपड़े की दुकान में रखे गैस सिलेंडर के लीक होने से लगी है। फायर ब्रिगेड कर्मियों को दुकान से दो गैस सिलेंडर मिले। कुछ का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। वहीं बिजली कंपनी के महाप्रबंधक पीके तिवारी ने दुकानों का निरीक्षण करने पर बताया कि जिन दुकानों में आग लगी है, वहां बिजली की एलटी या एचटी लाइन नहीं है, इस कारण शॉर्ट सर्किट नहीं हो सकता।
मेले में आग लगने के बाद दो दुकानदारों में आपस में लड़ाई भी होने लगी। दोनों एक-दूसरे को आग लगने के लिये जिम्मेदार ठहरा रहे थे। वहीं अपना माल राख होता देख एक दुकानदार बेहोश हो गया। व्यापार मेला के सचिव अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि जांच के बाद आग के कारणों का पता चलेगा। बीमा कंपनी के अफसरों ने सर्वे किया है और जल्द ही पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।