मध्यप्रदेश में एक किसान ने एक बेसहारा कुत्ते के ज्यादा भौंकने पर लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि किसान को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाणगंगा पुलिस थाने के प्रभारी राजेंद्र सोनी ने बताया कि पशुहितैषी संस्था 'पीपुल फॉर एनिमल्स' की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष प्रियांशु जैन ने इसकी शिकायत की थी। इसके आधार पर टिगरिया बादशाह इलाके के किसान पंकज शुक्ला उर्फ गब्बर (45) को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्ला ने शनिवार रात उसके घर के पास भौंक रहे बेसहारा कुत्ते की 12 बोर की अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोनी ने बताया, पूछताछ में आरोपी ने हमें बताया कि कुत्ता उसके घर के पास बहुत ज्यादा भौंकता था और कुछ लोगों को काट भी चुका था। लेकिन वह ऐसे एक भी व्यक्ति का नाम नहीं बता सका जिसे इस कुत्ते ने काटा था। उन्होंने बताया कि कुत्ते के शव पोस्टमॉर्टम भी कराया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय दंड विधान की संबद्ध धाराओं के तहत शुक्ला के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल बंदूक के साथ उन दो कारतूसों के खोखे भी जब्त किए गए हैं जो उसने कुत्ते पर दागे थे। सोनी ने बताया कि शुक्ला के बंदूक का लाइसेंस जब्त कर लिया गया है और इसे निरस्त करने के लिये जिला प्रशासन को पत्र लिखा जा रहा है।