मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गत दिनों सौंसर आगमन पर हनुमान लोक का भूमिपूजन किया गया था। वहीं इससे पहले सौंसर में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का लोकार्पण उनके द्वारा किया जा चुका है। उनके द्वारा अपने आगमन पर पांढुर्णा को भी जिला बनाने की घोषणा की गई है। ऐसे में पांढुर्णा जिला अस्तित्व में आने के बाद यह प्रदेश का पहला मराठी भाषी जिला होगा। वहीं कांग्रेस ने भी आगामी 22 सितंबर को पांढुर्णा में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर ली है। पूर्व सीएम कमलनाथ एवं सांसद नकुलनाथ के साथ मराठा सम्राट एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
यह पहली बार होगा जब छिंदवाड़ा जिले में ठाकरे परिवार के सदस्य का आगमन होगा। जिससे सियासी समीकरण में और तड़का लग सकता है।दरअसल शहर के शिवाजी चौक में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण होगा। रविवार को आदित्य होटल में आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय समारोह में 20 सितंबर को शाम 5:00 बजे प्रतिमा का नगर भ्रमण एवं 22 सितंबर को सुबह 11:00 बजे शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण होगा। इसके उपरांत एमपीएल ग्राउंड में पूर्व सीएम कमलनाथ,सांसद नकुलनाथ एवं आदित्य ठाकरे की जनसभा का आयोजन किया गया है।