देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान मध्यप्रदेश में अलग-अलग जगह कल आठ युवकों की मौत हो गई और तीन की नदी में बह जाने से मौत होने की आशंका है। पुलिस के अनुसार सिंध नदी में प्रतिमा विसर्जन के समय चार युवक नदी में बह गये जिनमें से एक युवक का शव आज सबुह मिला है। बाकी तीन को ढूंढा जा रहा है।
इसी प्रकार भिंड जिले के रोनू थाना क्षेत्र में नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सोम शर्मा (20) और वीरेन्द सिंह (23) की डूबने से मौत हो गई। वहीं छिंदवाड़ा जिले के सौंसर विकास खंड क्षेत्र के रामकोना गांव में कनहार नदी में देवी प्रतिमा विसर्जन कर मोटर साइकिल पर लौट रहे चार युवकों जगन्नाथ, विश्वनाथ, प्रीतम और नामधर की ट्रक की टक्कर से घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
एक अन्य हादसे में देवास जिले के बैंक नोट प्रेस थानान्तर्गत देवी की प्रतिमा को मोटरसाइकिल पर रख विसर्जन करने जा रहे युवकों की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।