प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को मध्यप्रदेश के बहुचर्चित ई-टेंडरिंग घोटाले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ईडी ने भोपाल के मंटेना कंस्ट्रक्शन के अध्यक्ष राजू मंटेना और उनके सहयोग आदित्य त्रिपाठी को मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत हैदराबाद से गिरफ्तार किया। ईडी ने दोनों आरोपियों को पीएमएलए कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इससे पहले, ईडी की हैदराबाद से आई एक विशेष टीम ने ई टेंडरिंग घोटाले में आरोपियों के घर और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से बड़े पैमाने पर दस्तावेज बरामद किए। यह कार्रवाई हैदराबाद और भोपाल समेत कुल 18 ठिकानों पर की गई थी।
बता दें कि कमलनाथ सरकार ने शिवराज सरकार के पिछले कार्यकाल में हुए ई-टेंडरिंग घोटाले की जांच ईओ डब्ल्यू को सौंपी थी। दूसरी तरफ इस मामले को ईडी ने भी संज्ञान लिया था।दरअसल, ई-टेंडरिंग के लिए सरकार ने जिस कंपनी को अधिकृत किया था, वह कंपनी हैदराबाद की है। उससे संबंधित भोपाल के ऑफिस में ईडी के अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की थी।